भंडारे के माध्यम से लोगों में समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा करने की इच्छा जागृत होती है: समाजसेवी अमिताभ रूंगटा
पंचकूला। राधा अष्टमी के शुभ अवसर पर पुरुषोत्तम दास रूंगटा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में 233 वें अन्न भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन एवं जलपान वितरित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं समाजसेवी अमिताभ रूंगटा ने कहा कि भंडारा एक ऐसा माध्यम है जिससे लोगों में समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा करने की इच्छा जागृत होती है। उन्होंने कहा कि अन्न भंडारा हमें यह संदेश देता है कि अन्न केवल भोजन नहीं, बल्कि ईश्वर का आशीर्वाद है, जिसे बाँटने से खुशियाँ बढ़ती हैं। अन्न का सम्मान करना और इसे प्रेमपूर्वक दूसरों के साथ बाँटना हमारी संस्कृति और सेवा-भाव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रूंगटा ने आगे कहा कि अन्न भंडारा केवल भोजन वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा, करुणा और सद्भावना से जुड़ा एक पवित्र कार्य है। भंडारे को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में भाग लिया और भोजन वितरण और जलपान व्यवस्था में अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

