सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण, किसानों की सुविधाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
चंडीगढ़। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025, प्रदेश में सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान पिछले दिनों हरियाणा की तीन सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय स्तर पर मिले पुरस्कारों का भी विशेष रूप से उल्लेख हुआ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस उपलब्धि पर हरियाणा के सहकारिता विभाग की सराहना की। इस दौरान चीनी मिलों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, आधुनिक तकनीक के उपयोग, गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारी चीनी मिलों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. अरविंद शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने प्रदेश में प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के कंप्यूटरीकरण, सहकारी बैंकों की सेवाओं के आधुनिकीकरण, डेयरी क्षेत्र के विस्तार और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों तक अधिक सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में चल रहे कार्यों की जानकारी साझा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय सहकारिता नीति-2025 में सहकारी संस्थाओं के विस्तार, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और वित्तीय सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। इस नीति का उद्देश्य सहकारिता को ग्रामीण विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनाना है। इसके साथ ही महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा गांवों में सहकारी संस्थाओं की पहुंच का विस्तार करने को भी प्राथमिकता दी गई है। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से इन उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा हुई। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सहकारिता विभाग के माध्यम से किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सहकारी बैंकों, पैक्स, डेयरी समितियों और चीनी मिलों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने के साथ आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डॉ. अरविंद शर्मा ने मुलाकात को आत्मीय एवं स्मरणीय बताते हुए कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और सामूहिक समृद्धि का मजबूत आधार है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से हरियाणा में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम, पारदर्शी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र के विस्तार से किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

